नवानगर थाने में रिमांड पर आरोपी की संदिग्ध मौत, मचा हड़कंप

सिंगरौली। नवानगर थाना क्षेत्र में सीआईएसएफ जवान हत्याकांड से जुड़े एक आरोपी की रिमांड के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी रामअवतार गोंड को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया था। इसी दौरान बुधवार सुबह अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। तत्काल उपचार की व्यवस्था की गई, लेकिन उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि थाने में लगे सीसीटीवी फुटेज के प्रारंभिक अवलोकन में हार्ट अटैक की आशंका सामने आ रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
उल्लेखनीय है कि इसी मामले में एनसीएल की अमलोरी कोयला खदान में ड्यूटी पर तैनात सीआईएसएफ जवान सतीश चंद्र भारती के साथ मारपीट की घटना हुई थी। घायल जवान को इलाज के लिए बनारस ले जाया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। इसके बाद से यह मामला गंभीर और संवेदनशील बना हुआ है।एसडीओपी राहुल सैयाम ने बताया कि आरोपी की मौत के कारणों को लेकर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला न्यायालय के निर्देश पर मजिस्ट्रेट द्वारा नवानगर थाना और जिला अस्पताल पहुंचकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल मजिस्ट्रेटियल जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।













