सिंगरौली पैलेस हेरिटेज होटल में भारतीय रंग में रंगे विदेशी मेहमान, फ्रांस की शेरला संग संदीप ने लिए सात फेरे

सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिला मुख्यालय बैढ़न स्थित सिंगरौली पैलेस हेरिटेज होटल में भारत और फ्रांस की संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। सिंगरौली के युवक संदीप कुमार सिंह और फ्रांस की नागरिक शेरला पुलानीया ने हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह कर प्रेम की मिसाल पेश की। दोनों 5 फरवरी को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लेकर विवाह बंधन में बंध गए।
बताया जा रहा है कि फ्रांस निवासी शेरला अपने भारतीय प्रेमी संदीप से विवाह करने के लिए सात समंदर पार कर भारत पहुंचीं। यह अंतर-सांस्कृतिक विवाह पूरे पारंपरिक रीति-रिवाज और वैदिक विधि-विधान के साथ सिंगरौली पैलेस हेरिटेज होटल में धूमधाम से संपन्न हुआ।

जानकारी के अनुसार दोनों की मुलाकात बेल्जियम में हुई थी। वहीं से शुरू हुई दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम में बदल गई और दोनों ने विवाह करने का फैसला लिया। इस विवाह को प्रेम की जीत और सीमाओं से परे रिश्तों की मजबूत मिसाल माना जा रहा है। इस अनोखी प्रेम कहानी की चर्चा सोशल मीडिया पर भी तेजी से हो रही है।
संदीप कुमार सिंह, स्वर्गीय रमेश प्रसाद सिंह के पुत्र हैं और मूल रूप से बैढ़न सिंगरौली के निवासी हैं। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर बैढ़न से प्राप्त की। इसके बाद इंदौर से बीसीए और पुणे से एमसीए की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के बाद संदीप बेल्जियम चले गए, जहां उन्होंने आईटी कंसल्टेंसी के क्षेत्र में अपना व्यवसाय स्थापित किया। इसी दौरान उनकी मुलाकात फ्रांस की नागरिक शेरला पुलानीया से हुई।
विवाह समारोह में पारंपरिक वैदिक मंत्रोच्चार, शहनाई की मधुर धुन और अग्नि को साक्षी मानकर दोनों ने सात जन्मों तक साथ निभाने का संकल्प लिया। यह विवाह न केवल दो दिलों का मिलन बना, बल्कि भारत और फ्रांस की सांस्कृतिक एकता, प्रेम और परंपराओं का सुंदर उदाहरण भी बन गया।













