देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर मनोज झा के सवाल, रुपये की गिरावट और पप्पू यादव गिरफ्तारी पर भी उठाए मुद्दे

नई दिल्ली। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने पहले टैरिफ को 2.9 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत किया और अब इसे घटाकर 18 प्रतिशत किया गया है, जबकि भारत में सरकार इस पर जश्न मना रही है। उन्होंने इसे सामूहिक चिंता का विषय बताया।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में मनोज झा ने कहा कि सरकार को इस समझौते पर संसद को विश्वास में लेना चाहिए और बिंदुवार जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यापार समझौते को लेकर आशंकाओं का सरकार अब तक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाई है।

राजद सांसद ने केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कैबिनेट की सामूहिक जिम्मेदारी कमजोर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जब इस विषय पर विदेश मंत्री से सवाल पूछा जाता है तो वह वाणिज्य मंत्री का नाम लेते हैं और वाणिज्य मंत्री इसे विदेश मंत्री की ओर बढ़ा देते हैं।

रुपये की गिरती कीमत को लेकर भी मनोज झा ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज कैबिनेट के दो मंत्रियों की उम्र जोड़ दी जाए तो भी रुपया उससे नीचे पहुंच चुका है।

संघ प्रमुख मोहन भागवत की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए मनोज झा ने कहा कि आजकल ऐसे लोग भी इतिहास और उसके संदर्भों पर बयान दे रहे हैं जिन्होंने व्हाट्सएप के जरिए अपना वर्तमान और भविष्य तय किया है। उन्होंने कहा कि जब हिंदू समाज की बात होती है तो यह भी बताया जाना चाहिए कि सीवर में उतरकर जहरीली गैस से जान गंवाने वाले लोग कौन हैं और क्या वे समाज की चिंता का हिस्सा नहीं हैं।

इसके अलावा मनोज झा ने पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह मामला करीब 35 साल पुराना है और ऐसे समय में गिरफ्तारी की गई जब नीट छात्रा की मौत को लेकर बिहार में आक्रोश का माहौल था। उन्होंने गिरफ्तारी की टाइमिंग पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या यह किसी को चुप कराने की कोशिश है।

Author

Related Articles

Back to top button