आदर्श ग्राम पिपरा में प्रस्फुटन समितियों की सक्रीयकरण बैठक आयोजित

सिंगरौली। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के अंतर्गत सेक्टर क्षेत्र के आदर्श ग्राम पिपरा में प्रस्फुटन समितियों की सक्रीयकरण बैठक आयोजित की गई। बैठक जिला समन्वयक के नेतृत्व में नवांकुर संस्था नर्मदा सेवा समिति के कार्यक्रम समन्वयक एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष रजितराम बैस के सहयोग से संपन्न हुई। बैठक में सेक्टर अंतर्गत गठित प्रत्येक समिति से पांच-पांच सदस्यों को शामिल किया गया।
कार्यक्रम मुख्य अतिथि सरपंच रामसुभग पनिका की उपस्थिति में आयोजित हुआ। उन्होंने शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रस्फुटन समितियों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों को सक्रिय होकर अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संचालित 10 विभागों की 22 योजनाओं को प्रभावी रूप से संचालित करने की जिम्मेदारी समितियों को दी गई है।
बैठक में संस्था के प्रतिनिधि रमेश कुमार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वरोजगार, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वावलंबन और स्वदेशी जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों जैसे अंधविश्वास, नशाखोरी उन्मूलन, महिला सशक्तिकरण, कृषि विकास तथा बच्चों में संस्कार निर्माण जैसे अभियानों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
बैठक में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष रजितराम बैस, सचिव आदित्य कुमार केवट सहित विभिन्न समितियों के पदाधिकारी, ग्रामीणजन, माताएं एवं बहनें उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य समितियों को सक्रिय बनाकर शासन की योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाना रहा।













