Blogब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

सड़क हादसे पर बाइक चालक ने कार चालक को चाकू मारकर कर दिया हत्या

जबलपुर. रांझी थाना क्षेत्र में रविवार 8 फरवरी की देर रात एक सड़क हादसे ने हिंसक मोड़ ले लिया, जिसमें एक फर्नीचर व्यवसायी को अपनी जान गंवानी पड़ी. बाइक और कार की आमने-सामने की भिड़ंत के बाद हुए विवाद में बाइक सवार युवक ने कार चालक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल युवक की सोमवार 9 फरवरी की सुबह इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई. पुलिस ने मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

दोस्तों से मिलकर लौट रहे व्यवसायी पर हमला

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान आधारताल निवासी आकांश साहू के रूप में हुई है, जो पेशे से फर्नीचर व्यवसायी थे. रविवार रात आकांश गोकलपुर क्षेत्र में अपने दोस्तों से मुलाकात करने के बाद कार से घर लौट रहे थे. रात करीब 11 से 12 बजे के बीच रांझी के दुर्गा मंदिर के पास उनकी कार और एक तेज रफ्तार बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर के बाद दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट और फिर जानलेवा हमले में बदल गया.

इलाज के दौरान तोड़ा दम

विवाद के दौरान बाइक सवार युवक ने गाली-गलौच करते हुए अचानक चाकू निकाला और आकांश पर हमला कर दिया. हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से घायल आकांश को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उपचार शुरू किया गया. हालांकि, अत्यधिक खून बह जाने और गहरी चोटों के कारण सोमवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया. इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों में आक्रोश है और क्षेत्र में सनसनी फैल गई है.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस सक्रिय हो गई है. सोमवार को रांझी सीएसपी सतीश साहू ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बाइक के नंबर और आरोपी के हुलिए के आधार पर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके.

Author

Related Articles

Back to top button