डीजे की आवाज से बिदकी घोड़ी दूल्हे सहित लगाई दौड़, कुएं में जाकर गिरी, ऐसे किया बचाव

खंडवा. मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के ग्राम फतेहपुर में 8 फरवरी रविवार की रात को एक शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया. बारात में शामिल घोड़ी ढोल-डीजे की तेज आवाज से अचानक बेकाबू हो गई और पास ही बने खुले कुएं में जा गिरी. गनीमत रही कि दूल्हे ने समय रहते घोड़ी से छलांग लगा दी और सुरक्षित बच गया.
जानकारी के अनुसार छैगांवमाखन क्षेत्र के ग्राम आवल्या विठ्ठल से बारात दोपहर करीब 2 बजे फतेहपुर पहुंची थी. दूल्हे को घोड़ी पर बैठाकर बारात गांव में प्रवेश कर रही थी. बाराती ढोल और डीजे की तेज धुनों पर नाचते-गाते आगे बढ़ रहे थे. इसी दौरान अचानक तेज आवाज से घोड़ी घबरा गई.
संतुलन बिगड़ा और कुएं में गिरी
देखते ही देखते घोड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वह पास में स्थित खुले कुएं में जा गिरी. घटना इतनी तेजी से हुई कि लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला. घोड़ी के बेकाबू होते ही दूल्हे ने सूझबूझ दिखाई और तुरंत नीचे कूद गया. इससे उसकी जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया.
मौके पर मची अफरा-तफरी
घटना के बाद बारात में अफरा-तफरी मच गई. बाराती और आसपास के ग्रामीण तुरंत कुएं की ओर दौड़े. कुएं में पानी भरा होने के कारण घोड़ी की जान पर खतरा बन गया था. लोग तुरंत उसे बचाने में जुट गए. काफी प्रयासों के बाद ग्रामीणों ने मिलकर घोड़ी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. इसके बाद सभी ने राहत की सांस ली.













