बैगा समाज संघ का संगठन विस्तार, कई पदाधिकारियों की हुयी नियुक्ति

सिंगरौली- बैगा समाज संघ मध्यप्रदेश द्वारा ग्राम पंचायत बिरकुनिया स्थित सामुदायिक भवन में संगठन पुनर्गठन एवं सदस्यता अभियान का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रदेश अध्यक्ष राममिलन बैगा, प्रदेश संगठन प्रभारी अशोक कुमार बैगा एवं प्रदेश सचिव मुन्नीलाल बैगा के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत समाज के महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर एवं हल्दी-चावल का टीका लगाकर की गई। इसके बाद आयोजित संगठनात्मक बैठक में समाज की एकता, अधिकार, शिक्षा और विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण नियुक्तियां की गईं। सर्वसम्मति से विजय बहादुर बैगा को प्रदेश कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं गौरी शंकर बैगा को प्रदेश उपाध्यक्ष तथा रामशाह बैगा को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके साथ ही कृष्णा देवी बैगा को जिला उपाध्यक्ष बनाया गया।
ब्लॉक स्तर पर भी नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। चितरंगी ब्लॉक में किशुन प्रसाद बैगा को अध्यक्ष, विकास कुमार बैगा को उपाध्यक्ष और राजिंदर लाल बैगा को सचिव नियुक्त किया गया। देवसर ब्लॉक में रूप शाह बैगा को ब्लॉक अध्यक्ष, उर्मिला बैगा को उपाध्यक्ष और किशन कुमार बैगा को सचिव बनाया गया। वहीं बैढ़न ब्लॉक में वंशराज बैगा को अध्यक्ष तथा राज राखन बैगा को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन, युवा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे। सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया और समाज हित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।प्रदेश अध्यक्ष राममिलन बैगा ने कहा कि बैगा समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अधिकारों के प्रति जागरूक करना संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती से ही समाज का सर्वांगीण विकास संभव है। वहीं प्रदेश संगठन प्रभारी अशोक कुमार बैगा और प्रदेश सचिव मुन्नीलाल बैगा ने बताया कि आने वाले समय में गांव-गांव तक सदस्यता अभियान चलाकर समाज को एक मंच पर जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने बैगा समाज को सशक्त, संगठित और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया।













