एनसीएल में मनाया गया राष्ट्रीय उत्पादकता दिवस, उत्पादकता बढ़ाने की दिलाई शपथ

सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) मुख्यालय में गुरुवार को राष्ट्रीय उत्पादकता दिवस 2026 उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कंपनी के निदेशक (मानव संसाधन) मनीष कुमार ने झंडा फहराकर की।
इस अवसर पर निदेशक (वित्त) रजनीश नारायण, निदेशक (तकनीकी/संचालन) आशुतोष द्विवेदी सहित मुख्यालय के विभागाध्यक्ष, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक (आईईडी) मनोज कुमार सिंह ने कर्मचारियों को शपथ दिलाते हुए संसाधनों के संतुलित और समुचित उपयोग, बेहतर कार्य संस्कृति विकसित करने तथा राष्ट्र की समृद्धि में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कर्मचारियों से सहकर्मियों को भी उत्पादकता और गुणवत्ता बढ़ाने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
इस वर्ष राष्ट्रीय उत्पादकता दिवस “क्लस्टर विकास इंजन के रूप में: एमएसएमई उत्पादकता को अधिकतम बनाना” विषय पर मनाया जा रहा है। कार्यक्रम में अधिकारियों ने उत्पादकता वृद्धि के साथ सुरक्षित कार्य वातावरण बनाए रखने पर भी जोर दिया।













