बिलौजी में एनसीएल बाउंड्री की राजस्व अमले ने कराई नापी, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स निर्माण की तैयारी

सिंगरौली। सिंगरौली जिले के बिलौजी क्षेत्र स्थित नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) बाउंड्री क्षेत्र की शुक्रवार 13 फरवरी को राजस्व विभाग की टीम द्वारा नापी कराई गई। नापी कार्य के दौरान राजस्व निरीक्षक, पटवारी सहित एनसीएल के अधिकारी मौजूद रहे।
राजस्व निरीक्षक सुखदेव कुशवाहा ने बताया कि संबंधित भूमि पूर्व में विकास प्राधिकरण के नाम दर्ज थी, जिसे बाद में एनसीएल द्वारा लीज पर लिया गया था। वर्तमान में इस भूमि पर ट्रामा सेंटर अस्पताल, कन्या डिग्री कॉलेज का निर्माण किया जा चुका है, वहीं सिविक सेंटर का निर्माण कार्य भी जारी है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र के दक्षिणी भाग में लगभग चार एकड़ भूमि पर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। प्रस्तावित निर्माण कार्य को ध्यान में रखते हुए एनसीएल द्वारा भूमि की वर्तमान स्थिति और उपलब्ध रकबे का सत्यापन कराने के लिए नापी कराई जा रही है।
नापी कार्य के दौरान भूमि की सीमाओं का मिलान कर वास्तविक स्थिति का आंकलन किया गया। अधिकारियों का कहना है कि नापी रिपोर्ट के आधार पर आगामी विकास कार्यों की रूपरेखा तय की जाएगी।
स्थानीय स्तर पर प्रस्तावित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को युवाओं के लिए खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। वहीं निर्माण कार्यों के चलते क्षेत्र के विकास को भी गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।













