मध्य प्रदेशसिंगरौली

कलेक्टर की डीएल बैठक के निर्देश पर संयुक्त कार्रवाई

महुआगंवा–सरई–सीधी–रीवा मार्ग पर ओवरलोड खनिज परिवहन पर सख्ती, वाहन जप्त

सिंगरौली। सिंगरौली जिले में अवैध खनिज परिवहन और ओवरलोड वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय (डीएल) बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन में परिवहन विभाग एवं खनिज विभाग द्वारा संयुक्त रूप से सघन जांच एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

बैठक में कलेक्टर द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि ओवरलोड राखड़ (फ्लाई ऐश), कोयला, रेत और गिट्टी के अवैध परिवहन, बिना तिरपाल खुले परिवहन तथा प्रदूषण मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जाए।
इसी क्रम में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर, चेक पोस्ट प्रभारी विभा उईके तथा जिला खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के नेतृत्व में महुआगंवा–सरई से सीधी–रीवा मार्ग पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान दो बसें नियमों का उल्लंघन करते हुए संचालित पाई गईं, जिन पर चालानी कार्रवाई की गई। वाहन क्रमांक MP53 ZE 9125 एवं MP53 P 0725 के चालकों को नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया गया।

वहीं ओवरलोड रेत परिवहन करते पाए गए वाहन क्रमांक MP53 ZC 5860 को नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर जप्त कर सुरक्षार्थ निवास चौकी परिसर में खड़ा कराया गया।
संयुक्त टीम द्वारा प्रदूषण प्रमाणपत्र (PUC), ओवरलोडिंग, खनिज परिवहन अनुमति (टीपी/ई-टीपी), बीमा, फिटनेस सहित अन्य वैधानिक दस्तावेजों की गहन जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ चालानी और दंडात्मक कार्रवाई की गई।
यह अभियान सरई थाना क्षेत्र के बंधा, पचौर, महुआगंवा से निगरी चौकी क्षेत्र तक संचालित किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अवैध खनिज परिवहन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Author

Related Articles

Back to top button