03 घंटे में हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी, बांस के डंडे से मारकर की थी हत्या

सिंगरौली। बरगवां थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र तीन घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 फरवरी 2026 की रात लगभग 10 बजे कनई तिराहा स्थित आदर्श होटल के पास मारपीट की घटना हुई थी। इस घटना में गुल्लीडांड़ निवासी बाबा उर्फ विष्णु बैगा (22 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल युवक को उपचार के लिए पहले जिला अस्पताल और बाद में ट्रामा सेंटर बैढ़न में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 13 फरवरी को उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया और आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
जांच में सामने आया कि फरियादी अशोक बैगा अपने रिश्तेदार बाबा उर्फ विष्णु बैगा के साथ छठी कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम कनई गए थे। कार्यक्रम से लौटते समय आदर्श होटल के पास ग्राम कनई निवासी विक्रम बैस (34 वर्ष) और केशवदास बैस (52 वर्ष) से उनकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान विक्रम बैस ने बांस का डंडा उठाकर विष्णु बैगा के सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने मिलकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए टीम गठित कर तीन घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक मो. समीर, उपनिरीक्षक विशेष प्रसाद साकेत, प्रधान आरक्षक अनुप मिश्रा, संजय यादव, सुरेंद्र मुजाला, रामनिवास यादव, विपिन सिंह तोमर और आरक्षक अरविंद यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













