15 को श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाएगा महाशिवरात्रि का पर्व

सिंगरौली। भगवान शिव के ज्योतिर्लिंग स्वरूप के प्रकटीकरण का पावन पर्व महाशिवरात्रि 15 फरवरी रविवार को श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिले के शिव मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालु दिनभर व्रत रखकर रात्रि में जागरण और भगवान शिव की आराधना करेंगे।
ज्योतिषविद् पं. डॉ. एन.पी. मिश्र, महाप्रबंधक शिवधाम मंदिर वैढ़न ने बताया कि महाशिवरात्रि आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है। मान्यता है कि इसी दिन भगवान शिव ने माता पार्वती को अपनी अर्धांगिनी के रूप में स्वीकार किया था। इस वर्ष महाशिवरात्रि पर सुबह 07 बजे से शाम 07:48 बजे तक सर्वार्थ सिद्धि योग रहेगा, जिसे अत्यंत शुभ माना जाता है।
धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन शिवलिंग पर गंगाजल, दूध, शहद, दही तथा बेलपत्र अर्पित करने से विशेष पुण्य प्राप्त होता है। श्रद्धालु ‘ॐ नमः शिवाय’ मंत्र का जाप कर भगवान शिव से सुख-समृद्धि और शांति की कामना करते हैं।
जिले के विभिन्न शिव मंदिरों में महाशिवरात्रि को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। प्रशासन एवं मंदिर समितियां श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं कर रही हैं। माना जाता है कि सच्चे मन से की गई पूजा भगवान शिव को शीघ्र प्रसन्न करती है।













