स्वच्छता कनेक्ट के तहत निगम सभागार में कार्यशाला आयोजित
स्वच्छता में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी : स्वास्थ्य अधिकारी

सिंगरौली। नगर निगम सिंगरौली द्वारा स्वच्छता कनेक्ट अभियान के तहत शुक्रवार को निगम सभागार में क्षमतावर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान के निर्देश पर आयोजित किया गया, जिसमें शहर के विभिन्न संस्थानों और संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यशाला में शैक्षणिक संस्थानों, होटल, अस्पताल, आवासीय योजनाओं, स्व सहायता समूह, मैरिज गार्डन संचालकों, कार्यालयों, पेट्रोल पंप, मॉल, सिनेमा घर तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रतिमाओं के संधारणकर्ताओं के प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने शहर की स्वच्छता में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।
कार्यशाला में सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध को प्रभावी रूप से लागू करने, कचरा संग्रहण एवं स्रोत स्तर पर पृथक्करण, खुले में कचरा न फेंकने तथा नागरिक समूहों द्वारा स्वच्छता से जुड़े नवाचार अपनाने जैसे विषयों पर चर्चा की गई। इसके साथ ही स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों, स्कूली छात्रों में स्वच्छता के प्रति व्यवहार परिवर्तन और शहर के आरआरआर सेंटर के संचालन व रखरखाव पर भी विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य अधिकारी बालगोविंद चतुर्वेदी सहित आईईसी टीम और अन्य अधिकारियों ने उपस्थित प्रतिनिधियों को स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन बनाने का संदेश दिया। प्रतिभागियों ने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सहयोग देने का भरोसा जताया।













