कोरसर कोठार में सड़क से हटाया गया अतिक्रमण, प्रशासन की कार्रवाई से ग्रामीणों को राहत

सिंगरौली। चितरंगी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत कोरसर कोठार में सड़क पर किए गए अवैध अतिक्रमण को प्रशासन द्वारा हटाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। यह कार्रवाई ग्राम पंचायत के आवेदन के बाद तहसील प्रशासन की टीम द्वारा की गई।
तहसीलदार ऋषि नारायण सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आराजी क्रमांक 788 की भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया था। इसके कारण गांव के लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को लेकर ग्राम पंचायत कोरसर कोठार के सरपंच विद्यासागर तिवारी ने प्रशासन को आवेदन देकर सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार ने पटवारी दल का गठन कर मौके का निरीक्षण कराया। पटवारी टीम की जांच रिपोर्ट में संबंधित भूमि पर अतिक्रमण की पुष्टि हुई। इसके बाद प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
सड़क से अतिक्रमण हटने के बाद ग्रामीणों ने राहत महसूस की है। प्रशासन ने कहा है कि सार्वजनिक मार्गों और शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।













