मध्य प्रदेशसिंगरौली

चितरंगी के करहिया में दबंग ने दंपति से की मारपीट, पीड़ित ने जानमाल की सुरक्षा की लगाई गुहार

पुरानी जमीनी रंजिश में विवाद, पत्नी से भी की मारपीट, आरोपी ने दी जान से मारने की धमकी

सिंगरौली।चितरंगी थाना क्षेत्र के ग्राम करहिया में पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर एक व्यक्ति द्वारा दंपति के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपी से जानमाल के खतरे की आशंका जताई है तथा कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार फरियादी गोपी कुशवाहा पिता बुधई कुशवाहा (48) निवासी ग्राम करहिया अपनी पत्नी श्याम कली कुशवाहा के साथ चितरंगी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने बताया कि 12 फरवरी की रात करीब 8 बजे वह घर से तंबाकू लेने रामाधार सिंह गोंड की किराना दुकान गया था। वापस लौटते समय बाबादीन सिंह गोंड के घर के पास उसे दिनेश सिंह बघेल मिला, जिसने पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी।

पीड़ित द्वारा गाली देने का विरोध करने पर आरोपी ने हाथ-मुक्के और लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान जब गोपी कुशवाहा की पत्नी श्याम कली कुशवाहा बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट की। हल्ला-गुहार सुनकर बाबादीन सिंह गोंड और उसकी पत्नी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया।
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि इस बार बच गए हो, अगली बार कहीं भी मिले तो जान से खत्म कर देंगे। घटना में गोपी कुशवाहा की बाईं आंख के पास गंभीर चोट आई है तथा दाहिने पैर में भी चोट लगी है। वहीं उसकी पत्नी के दाहिने हाथ की कलाई और सिर में चोट आई है।

पीड़ित ने यह भी बताया कि वह मध्य प्रदेश शासन से प्राप्त पट्टे की भूमि पर मकान बनाकर परिवार सहित रह रहा है। आरोपी ने मकान गिरवाने की धमकी भी दी है।
चितरंगी पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 296, 115(2) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने दर्ज धाराओं पर असंतोष जताते हुए आरोपी पर कड़ी धाराएं लगाने और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

Author

Related Articles

Back to top button