शराब दुकान के मैनेजर का अपहरण, 5 लाख की फिरौती मांगने का आरोप
रकम न मिलने पर बेरहमी से पिटाई, मरणासन्न हालत में सुनसान स्थान पर छोड़ा; वायरल ऑडियो की जांच में जुटी पुलिस

सिंगरौली- बरका चौकी क्षेत्र में शराब दुकान में कार्यरत मैनेजर मनोज राय के कथित अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि अज्ञात बदमाशों ने उनका अपहरण कर परिजनों से 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी। इस घटना से जुड़ा एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल बताया जा रहा है, जिसमें फिरौती की मांग और धमकी की बातें सुनाई दे रही हैं। हालांकि पुलिस ने वायरल ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सूत्रों के अनुसार फिरौती की रकम न मिलने पर बदमाशों ने मनोज राय को बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें वाहन में शराब की पेटियां रखकर मरणासन्न हालत में सुनसान स्थान पर फेंक दिया और फरार हो गए। स्थानीय लोगों की नजर पड़ने के बाद घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा संदिग्धों की तलाश में दबिश दी जा रही है। घटना में इस्तेमाल बोलेरो वाहन और कुछ मोटरसाइकिल को पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।













