ऑनलाइन दुकानों में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, लैपटॉप-प्रिंटर सहित इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद

सिंगरौली। थाना कोतवाली बैढ़न पुलिस ने आरटीओ कार्यालय के बाहर स्थित ऑनलाइन दुकानों में चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है, जबकि एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 9-10 फरवरी 2026 की मध्य रात्रि आरटीओ कार्यालय के बाहर स्थित 3-4 ऑनलाइन दुकानों में अज्ञात बदमाशों ने दुकानों की सीट तोड़कर लैपटॉप, प्रिंटर, लैमिनेशन मशीन सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी कर लिए थे। मामले की शिकायत 10 फरवरी को ग्राम चंदवल निवासी प्रवेश कुमार पाठक द्वारा थाना बैढ़न में दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 154/2026 धारा 331(4) एवं 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक सिंगरौली मनीष खत्री के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सविप्रय सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक सिंह परिहार के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। मुखबिर और तकनीकी सहायता के आधार पर पुलिस ने संदेही धनी उर्फ धनवर्ती शर्मा (20 वर्ष) निवासी टेलाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी किया गया सामान विष्णु दयाल बैस निवासी मल्गो, थाना माड़ा को बेच दिया गया था। पुलिस ने उसे भी प्रकरण में आरोपी बनाया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से तीन प्रिंटर, एक लैमिनेशन मशीन, एक इन्वर्टर यूपीएस तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।पुलिस ने बताया कि प्रकरण में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश लगातार की जा रही है।
कार्रवाई में निरीक्षक अशोक सिंह परिहार, उपनिरीक्षक उदयचंद करिहार, उपनिरीक्षक विनोद सिंह चौहान, सहायक उपनिरीक्षक पप्पू सिंह, प्रधान आरक्षक अजीत सिंह, दयाशंकर शर्मा, अंकित सिंह, आरक्षक अभिमन्यु उपाध्याय, पुष्कर पोर्वाल एवं संतोष दुबे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













