कृषि विज्ञान मेले का शुभारंभ, प्राकृतिक खेती से आय बढ़ाने पर जोर
देवरा स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित हुआ मेला, बड़ी संख्या में किसान हुए शामिल

सिंगरौली। वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाए जाने के तहत जिले के देवरा स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में कृषि विभाग द्वारा कृषि विज्ञान मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राधा सिंह तथा विशिष्ट अतिथि रामनिवास शाह ने दीप प्रज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया और प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मेले में जिले के तीनों विकासखंडों से बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।

आधुनिक तकनीक और प्राकृतिक खेती पर दिया गया प्रशिक्षण
मेले में विभिन्न विभागों और निजी संस्थाओं द्वारा स्टॉल लगाकर आधुनिक खेती की तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। किसानों को उन्नत बीज, कृषि यंत्र, श्री अन्न तथा प्राकृतिक खेती से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने किसानों को नवीन कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
श्री अन्न और मुनगा की खेती पर विशेष जोर
राज्य मंत्री राधा सिंह ने किसानों को श्री अन्न की खेती अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इसका सेवन स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है तथा इसकी खेती से किसानों की आय बढ़ सकती है। उन्होंने मुनगा की खेती को भी लाभदायक बताते हुए किसानों को जल संरक्षण के लिए प्रत्येक गांव में तालाब निर्माण करने की सलाह दी।
जल, मृदा और पर्यावरण संरक्षण पर दिया गया संदेश
विधायक रामनिवास शाह ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि क्षेत्र में जल संरक्षण, मृदा संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। इससे विकसित भारत के साथ विकसित कृषि का लक्ष्य भी साकार किया जा सकेगा। कार्यक्रम के दौरान प्रगतिशील किसानों ने प्राकृतिक खेती के अनुभव साझा कर रसायन मुक्त खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।
अधिकारी और वैज्ञानिक रहे उपस्थित
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों सहित कृषि, पशुपालन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। मेले को किसानों के लिए उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताया गया।













