विष्णु बैगा हत्याकांड पर आदिवासी बैगा समाज में उबाल
बरगवां थाना व एसपी कार्यालय में सौंपा ज्ञापन, 7 दिन का अल्टीमेटम; कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

सिंगरौली।बरगवां थाना क्षेत्र में आदिवासी युवक विष्णु बैगा की पीट-पीटकर की गई हत्या के मामले को लेकर आदिवासी समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। इसी क्रम में बैगा समाज संघ मध्य प्रदेश के बैनर तले समाज के पदाधिकारियों एवं मृतक के परिजनों ने पहले बरगवां थाना प्रभारी और उसके बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित ज्ञापन सौंपा तथा दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान प्रदेश सचिव मुन्नीलाल बैगा, जिला अध्यक्ष रामशाह बैगा, आम आदमी पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष रतीभान प्रसाद साकेत सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं मृतक के परिजन मौजूद रहे।
ज्ञापन में कहा गया कि यह घटना सामान्य मारपीट नहीं बल्कि जातिवादी मानसिकता से प्रेरित सामूहिक हत्या है। आरोप लगाया गया कि कई लोगों ने मिलकर विष्णु बैगा पर जानलेवा हमला किया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। इसके बावजूद अब तक केवल दो आरोपियों की गिरफ्तारी होना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है।
बैगा समाज संघ ने ज्ञापन के माध्यम से कई मांगें रखीं। इनमें घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर तत्काल गिरफ्तारी, मामले में गंभीर धाराओं के साथ एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम लगाने, मुख्य आरोपियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई, मृतक के परिजनों को आजीवन जीवन-निर्वाह भत्ता व उचित मुआवजा तथा परिवार को पुलिस सुरक्षा प्रदान करने की मांग शामिल है।
प्रदेश सचिव मुन्नीलाल बैगा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यह हत्या केवल एक व्यक्ति की नहीं बल्कि पूरे आदिवासी समाज के सम्मान पर हमला है। उन्होंने कहा कि यदि सात दिन के भीतर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी धाराओं में कार्रवाई नहीं की गई तो बैगा समाज संघ मध्य प्रदेश द्वारा बरगवां थाना का घेराव कर बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
समाज पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अधूरा न्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा और दोषियों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए, जिससे भविष्य में आदिवासी समाज के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं दोबारा न हो सकें।













