मध्य प्रदेशसिंगरौली

ग्लोरियस पब्लिक हायर सेकेंडरी विद्यालय निवास में मातृ-पितृ गुरु पूजन दिवस श्रद्धा एवं संस्कारों के साथ संपन्न

 

सरई। ग्रामीण अंचल में संचालित ग्लोरियस पब्लिक हायर सेकेंडरी विद्यालय, निवास में मातृ-पितृ गुरु पूजन दिवस श्रद्धा, भावनात्मक ऊष्मा और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में संस्कारों का विकास करना तथा माता-पिता और गुरु के प्रति सम्मान की भावना को सुदृढ़ करना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाचरण से हुई। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने अपने माता-पिता का दीप आरती से स्वागत किया और चरण वंदन कर उन्हें ईश्वर का स्वरूप मानते हुए पूजा-अर्चना की। इस भावपूर्ण दृश्य ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों को भावविभोर कर दिया। आधुनिक दौर में जहां पारिवारिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों में कमी देखी जा रही है, वहीं विद्यालय का यह आयोजन भारतीय परंपरा के संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायक प्रयास माना गया।

विद्यालय के संचालक आर. पी. विश्वकर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की गुरुकुल परंपरा शिक्षा के साथ संस्कारों पर आधारित रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से माता-पिता और गुरु का सम्मान करते हुए नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों ने विद्यालय की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। अंत में शिक्षकों और अभिभावकों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

Author

Related Articles

Back to top button