मध्य प्रदेशसिंगरौली

पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोरबी में कौशल प्रयोगशाला और परियोजना आधारित शिक्षण से छात्र बन रहे आत्मनिर्भर

सिंगरौली- आज की शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा उत्तीर्ण करना नहीं रह गया है, बल्कि विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर, रचनात्मक और व्यावहारिक बनाना भी शिक्षा का मुख्य लक्ष्य बन गया है। इसी सोच को साकार करते हुए पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोरबी में छात्र-छात्राओं को कौशल प्रयोगशाला और परियोजना आधारित शिक्षण के माध्यम से नवीन कौशल सीखने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है।

विद्यालय परिसर में स्थापित कौशल प्रयोगशाला में विद्यार्थियों के लिए कई गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। विशेष रूप से विद्यालय उद्यान नक्षत्र वाटिका को एक जीवंत प्रयोगशाला बनाया गया है। विद्यार्थियों ने पौधारोपण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का महत्व भी समझा है।सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण केंद्र और ब्यूटी पार्लर कौशल मंच के माध्यम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और व्यावसायिक व्यवहार का विकास हुआ है, साथ ही उन्हें नए करियर अवसरों से अवगत कराया गया है। जूडो और कराटे प्रशिक्षण से शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास को सशक्त आधार मिला है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, एकाग्रता और आत्मसंयम विकसित हो रहे हैं।

पेंटिंग और क्राफ्ट गतिविधियों ने छात्रों की कल्पना शक्ति, रचनात्मकता और अभिव्यक्ति क्षमता को भी सशक्त किया है। छात्र अपनी भावनाओं और विचारों को कला के माध्यम से व्यक्त करना सीख रहे हैं।परियोजना आधारित प्रशिक्षण के तहत मटका विधि खेती से विद्यार्थियों ने जल संरक्षण और सतत कृषि का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया है। कम जल में पौधों की बेहतर पैदावार कर पर्यावरण संतुलन को बढ़ावा देना इस विधि का मुख्य लाभ है।विद्यालय प्रशासन का मानना है कि आज के विद्यार्थी कौशल विकास और आत्मनिर्भर बनने के माध्यम से भविष्य में सफलता की ओर अग्रसर होंगे। मेहनत और सीख का परिणाम हमेशा सकारात्मक होता है, और गोरबी के छात्र-छात्राएँ इसका जीवंत उदाहरण बन रहे हैं।

Author

Related Articles

Back to top button