बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

कीड़े युक्त पोषण आहार की शिकायत पर स्व-सहायता समूह को कारण बताओ नोटिस

सिंगरौली के सिंगाही आंगनबाड़ी केंद्र का मामला, तीन दिन में मांगा गया जवाब

सिंगरौली। जनपद पंचायत बैढ़न क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिंगाही स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1 में वितरित किए गए टेक होम राशन (THR) की गुणवत्ता को लेकर शिकायत के बाद बाल विकास परियोजना कार्यालय सिंगरौली ग्रामीण-01 ने दरी बुनाई स्व-सहायता समूह सिंगाही को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।21 सितंबर 2026 को जारी नोटिस में परियोजना अधिकारी ने उल्लेख किया है कि 19 सितंबर को जनपद सदस्य श्री पारसनाथ प्रजापति द्वारा समूह से वितरित/सप्लाई किए गए टेक होम राशन के पैकेट को व्हाट्सऐप ग्रुप में भेजा गया, जिसमें घुन/कीड़े दिखाई देने की बात सामने आई है नोटिस में यह भी उल्लेख है कि सप्लाई किए गए चावल आधारित खिचड़ी मिक्सचर में कीड़े/घुन पाए गए है जिसे अमानक एवं बच्चों, गर्भवती तथा धात्री माताओं के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक बताया गया है।

परियोजना कार्यालय ने नोटिस में कहा है कि गुणवत्ताविहीन चावल आधारित खिचड़ी मिक्सचर का वितरण शासकीय नियमों एवं समझौते की शर्तों का गंभीर उल्लंघन है समूह से पूछा गया है कि अमानक एवं कीड़े युक्त राशन का वितरण क्यों किया गया तथा नियमों के अनुसार दंडात्मक कार्रवाई एवं अनुबंध निरस्त क्यों न किया जाए।

तीन दिन में देना होगा स्पष्टीकरण

नोटिस में संबंधित समूह को प्राप्ति के तीन दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं साथ ही चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय में संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर समूह के विरुद्ध नियमानुसार एकतरफा अनुशासनात्मक/कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मध्यप्रदेश में टेक होम राशन व्यवस्था के तहत स्थानीय स्व-सहायता समूहों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं तक पूरक पोषण आहार पहुंचाया जा रहा है। ऐसे में राशन की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों और जारी कारण बताओ नोटिस ने गुणवत्ता जांच एवं निगरानी व्यवस्था पर भी ध्यान आकर्षित किया है अब देखना यह होगा कि संबंधित स्व-सहायता समूह अपने स्पष्टीकरण में क्या जवाब देता है और विभागीय जांच के बाद मामले में क्या कार्रवाई की जाती है।

Author

Related Articles

Back to top button