शिवरात्रि पर दर्दनाक हादसा : गहरी खाई में गिरी जीप, तीन दोस्तों की मौत, एक गंभीर

नई दिल्ली-थुनाग क्षेत्र में शिवरात्रि महोत्सव की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा रविवार सुबह करीब चार बजे बूनालीधार के पास हुआ, जहां चार दोस्त जीप से घर से निकले थे और रास्ते में वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
जानकारी के अनुसार, जीप योगराज निवासी बगस्याड की थी। दुर्घटना में उनके बेटे हार्दिक समेत तीन युवकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि चारों युवक बिना घरवालों को बताए तड़के घर से निकले थे। हादसा लंबाथाच-कलहणी सड़क पर हुआ।
गाड़ी गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। दो युवक वाहन के बाहर पड़े मिले, जबकि दो अंदर फंसे हुए थे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो युवकों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। चौथे युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।













