संयुक्त चेकिंग अभियान का पांचवां दिन, ओवरलोड खनिज परिवहन पर कार्रवाई
सरई–महुआगंवा–निवास–निगरी मार्ग पर 3 वाहन जप्त, कई पर चालानी कार्रवाई

सिंगरौली। जिला प्रशासन के निर्देश पर अवैध खनिज परिवहन और ओवरलोडिंग पर अंकुश लगाने के लिए परिवहन एवं खनिज विभाग द्वारा संयुक्त सघन चेकिंग अभियान लगातार पांचवें दिन भी जारी रहा। अभियान के तहत सरई–महुआगंवा–निवास–निगरी मार्ग पर नियमों का उल्लंघन करते पाए गए वाहनों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान तीन मालवाहक वाहन ओवरलोड रेत और राखड़ (फ्लाई ऐश) का परिवहन करते पाए गए, जिन्हें सुरक्षार्थ निवास चौकी में खड़ा कर जप्त किया गया। जप्त वाहनों में एमपी 53 जेडजी 4006, एमपी 53 जेडडी 7772 एवं एमपी 66 एच 2078 शामिल हैं। इसके अतिरिक्त एक अन्य वाहन के विरुद्ध ऑनलाइन चालानी कार्रवाई की गई।
संयुक्त टीम द्वारा वाहनों के प्रदूषण प्रमाणपत्र, बीमा, फिटनेस, ओवरलोडिंग की स्थिति एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
अभियान के दौरान सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चिन्हित मालवाहक वाहनों में रेडियम रिफ्लेक्टर भी लगाए गए, जिससे रात्रिकालीन दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में अवैध खनिज परिवहन, शासकीय कार्य में बाधा या अधिकारियों से अभद्रता करने पर संबंधित वाहन स्वामी और चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।













