अज्ञात वाहन की टक्कर से पिता-पुत्र सहित साढ़ू की मौत, एक अन्य बाइक सवार गंभीर घायल

सिंगरौली -जिले के देवसर क्षेत्र अंतर्गत जियावन थाना क्षेत्र की कुंदवार चौकी के ग्राम हूमनाडॉड में रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार अज्ञात वाहन (ग्रामीणों के अनुसार हाइवा) ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी और उसके बाद दूसरी बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि एक ही बाइक पर सवार पिता, पुत्र और उनके साढ़ू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान जगन्नाथ सिंह (55 वर्ष) पिता जय मंगल सिंह, लालदेव सिंह (25 वर्ष) पिता जगन्नाथ सिंह, निवासी सरौधा तथा तेज बाली सिंह (50 वर्ष) पिता सुखलाल सिंह, निवासी डऊआडोल के रूप में हुई है। तीनों आपस में पिता-पुत्र एवं साढ़ू बताए जा रहे हैं।
वहीं दूसरी बाइक पर सवार अरविंद केवट (40 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही कुंदवार चौकी प्रभारी, जियावन थाना प्रभारी तथा एसडीओपी देवसर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा फरार अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।













