भिवाड़ी की केमिकल-पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग, 8 मजदूरों की जिंदा जलकर मौत
कई मजदूर फंसे, रेस्क्यू के बाद आग पर पाया गया काबू

भिवाड़ी। राजस्थान के भिवाड़ी स्थित केमिकल एवं पटाखा फैक्ट्री में सोमवार सुबह भीषण आग लगने से आठ मजदूरों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि कई मजदूरों के फैक्ट्री में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के समय फैक्ट्री में करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा खुशखेड़ा करौली इंडस्ट्रियल एरिया में सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
एडीएम सुमिता मिश्रा ने बताया कि पुलिस को गश्त के दौरान घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में केमिकल के साथ पटाखों का निर्माण किया जाता था।
घटना की सूचना मिलते ही खुशखेड़ा और भिवाड़ी रीको फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
मौके पर तिजारा डीएसपी शिवराज सिंह मौजूद रहकर पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। वहीं भिवाड़ी एसपी और प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
फिलहाल प्रशासन द्वारा फैक्ट्री में फंसे मजदूरों को निकालने का प्रयास जारी है तथा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।













