सिंगरौली में भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार तीन लोगों की मौत
पिता, पुत्र और रिश्तेदार की मौके पर गई जान, एक युवक गंभीर घायल

सिंगरौली। जिले में रविवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई। हादसा दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में हुआ, जिसमें एक बाइक पर सवार पिता, पुत्र और उनके रिश्तेदार की जान चली गई, जबकि दूसरी बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत कूंदवार पुलिस चौकी के ग्राम हुमनाडाड में रविवार शाम करीब 7 बजे हुई। बताया जा रहा है कि मृतक अपने एक रिश्तेदार के घर से वापस लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में जगन्नाथ सिंह (55 वर्ष), लालदेव सिंह (25 वर्ष) और तेजबली सिंह (50 वर्ष) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। तीनों आपस में पिता-पुत्र और रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।
वहीं दूसरी बाइक पर सवार अरविंद केवट (40 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी जियावन गायत्री तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार पूरे मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।













