जूडो-कराटे में कांस्य पदक जीत उर्जांचल की बेटी ने बढ़ाया मान
डीएवी नेशनल गेम्स में चमकी शाक्तिनगर की छात्रा

सिंगरौली- उर्जांचल की होनहार बेटी यशिका सिंह ने जूडो-कराटे प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। डीएवी गेम्स के अंतर्गत नोएडा में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए यशिका ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।
यशिका सिंह ने डीएवी एनसीएल खड़िया की कक्षा छह की छात्रा हैं। कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर उन्होंने विद्यालय और पूरे उर्जांचल क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। प्रतियोगिता का आयोजन राइज एकेडमी के तत्वावधान में किया गया, जहां देशभर से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
यशिका के पिता मनोज कुमार सिंह एनसीएल के कर्मचारी हैं और स्वयं वेटलिफ्टिंग के चैंपियन रह चुके हैं। खेल का संस्कार उन्हें परिवार से ही मिला है। यशिका जूडो में निरंतर अभ्यास से अपनी प्रतिभा को निखार रही हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक जीतने की उपलब्धि से विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और सहपाठियों में हर्ष का माहौल है। विद्यालय परिवार ने यशिका को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उर्जांचल की इस प्रतिभाशाली बेटी ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत, अनुशासन और लगन से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।













