दनबा बाबा महादेव मंदिर पचखोरा द्वारा निकाली गई भव्य शिव बारात

सिंगरौली :-जिला मुख्यालय बैढ़न स्थित दनबा बाबा महादेव मंदिर पचखोरा द्वारा महाशिवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर भगवान शिव की भव्य बारात श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। इस धार्मिक आयोजन में हजारों की संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं एवं युवा शामिल हुए और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।
शिव बारात मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर बारात का स्वागत किया गया। डीजे एवं ढोल-नगाड़ों की गूंज पर शिवभक्त “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयकारों के साथ झूमते नजर आए। भगवान शिव, माता पार्वती एवं अन्य देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
बारात के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए मंदिर समिति द्वारा स्वयं सेवकों का द्वारा आवश्यक इंतजाम किए गए थे। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शिव बारात को भव्य रूप देने का प्रयास किया गया है।

भंडारे का आयोजन कल
महाशिवरात्रि के अवसर पर मंदिर में विशेष पूजन-अर्चन, रुद्राभिषेक किया गया एवं कल विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया है।













