नगर निगम आयुक्त की अध्यक्षता में पार्षदों के साथ बैठक आयोजित
नगर विकास के मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा

सिंगरौली ; नगर निगम कार्यालय में आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान की अध्यक्षता में पार्षदों के साथ नगर विकास के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर बिंदुवार चर्चा की गई।
बैठक के दौरान शहर में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को सुदृढ़ करने, खराब लाइटों की शीघ्र मरम्मत एवं अंधेरे क्षेत्रों में नई लाइटें लगाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही प्रमुख एवं आंतरिक सड़कों के निर्माण, मरम्मत और गड्ढा मुक्त अभियान को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया। बैठक में नगर की नाले नालियों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा जलभराव की समस्या से प्रभावित वार्डों में त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए गए। स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने, नियमित कचरा संग्रहण एवं डोर-टू-डोर कलेक्शन व्यवस्था की निगरानी बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने सभी पार्षदों से अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर प्रस्तुत करने का आग्रह किया तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर के विकास कार्यों में पार्षदों और प्रशासन के समन्वय से ही बेहतर परिणाम प्राप्त होंगे। बैठक में उपस्थित पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं से अवगत कराया तथा विकास कार्यों को शीघ्र गति देने का आश्वासन प्राप्त किया। बैठक के दौरान पार्षद सीमा जयसवाल, भारतेन्दु पाण्डेय, राम नरेश शाह, संतोष शाह, अम्ब्रेश शर्मा, पार्षद प्रतिनिधि गौरी अर्जुन दास गुप्ता, अमित यादव सहित नगर निगम के कार्यपालन यंत्री संतोष पाण्डेय, उपायुक्त आरपी बैस सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।













