नगर निगम आयुक्त ने किया नगरीय क्षेत्र में कायाकल्प अभियान के तहत निर्माणाधीन सड़को का औचक निरीक्षण
कायाकल्प योजना अंतर्गत सड़को का निर्माण कार्य मानक अनुरूप पूरी गुणवत्ता के साथ कराया जायेः-सविता प्रधान

सिंगरौली- नगर पालिक निगम सिंगरौली की आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने आज शहर के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान वार्ड क्रमांक 21, 33 एवं 29 में कायाकल्प योजना अंतर्गत निर्मित सड़कों का निरीक्षण किया। सड़क निर्माण कार्य के गुणवत्ता की जांच मौके पर ही आयुक्त द्वारा परीक्षण भी कराया गया। गुणवत्ता जॉच के दौरान सड़क निर्माण कार्य मानक अनुरूप नही मिलने पर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता में सुधार करते हुए आवश्यक कार्यवाही तत्काल सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होने संबंधित सहायक यंत्री एवं उपयंत्री को लगातार सड़क निर्माण कार्य मानीटरिंग करने के निर्देश दिए।
तत्पश्चात आयुक्त श्रीमती प्रधान के द्वारा मल्हार पार्क स्थित नगर निगम लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लाइब्रेरी की अधोसंरचना का विस्तार करने के निर्देश देते हुए लाइब्रेरी कुर्सी-टेबल, कंप्यूटर, वाई-फाई, पुस्तकें एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराने के साथ-साथ साफ-सफाई व्यवस्था और बेहतर करने के निर्देश दिए गए, ताकि नागरिकों एवं विद्यार्थियों को लाइब्रेरी बेहतर अध्ययन करने हेतु वातावरण मिल सके।आयुक्त द्वारा बैंढन बस स्टैंड का भी निरीक्षण किया गया, जहां जर्जर हो चुके यात्री प्रतीक्षालय के पुनर्निर्माण हेतु निर्देशित किया गया।
साथ ही बस स्टैंड परिसर स्थित सुलभ शौचालय में साफ-सफाई नही मिलने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा महिलाओं की सुविधा हेतु सैनिटरी पैड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री श्री संतोष पांडे, उपायुक्त श्री आर.पी. बैंस, उपयंत्री श्री जितेंद्र एवं श्री विपिन तिवारी उपस्थित रहे।













