बजट जनता के लिए नहीं, दिखावे का दस्तावेज : आम आदमी पार्टी

सिंगरौली। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा पेश किए गए बजट पर आम आदमी पार्टी के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी के जिलाध्यक्ष रतिभान प्रसाद ने कहा कि यह बजट आम जनता के हितों से जुड़ा नहीं है, बल्कि केवल दिखावे तक सीमित है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार लगातार कर्ज ले रही है, जिससे प्रदेश का हर नागरिक कर्ज के बोझ तले दबता जा रहा है। उनके अनुसार बजट में आम जनता को राहत देने वाले ठोस प्रावधान नहीं किए गए हैं और यह बजट जनता को संतुष्ट करने के बजाय केवल औपचारिकता बनकर रह गया है। उन्होंने इसे प्रदेश की जनता के लिए “झुनझुना” करार दिया।
वहीं सिंगरौली नगर निगम की महापौर रानी अग्रवाल ने भी बजट की आलोचना करते हुए कहा कि प्रदेश में बढ़ते कर्ज का बोझ भविष्य की पीढ़ियों पर पड़ रहा है और आज हर बच्चा कर्ज के बोझ के साथ जन्म ले रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई से महिलाएं और पुरुष दोनों परेशान हैं। सरकार एक ओर महिलाओं को योजनाओं के माध्यम से राहत देने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर महंगाई उनकी आर्थिक स्थिति को प्रभावित कर रही है।
महापौर रानी अग्रवाल ने कहा कि यदि सिंगरौली का समग्र विकास करना है तो जिला खनिज प्रतिष्ठान (डीएमएफ) और सीएसआर की राशि का उपयोग स्थानीय विकास कार्यों में किया जाना आवश्यक है। अन्यथा जनता को केवल आश्वासन और भ्रमित करने का प्रयास ही होता रहेगा।













