मध्य प्रदेशसिंगरौली

देर रात दो ज्वेलरी दुकानों में चोरी, लाखों के जेवरात और DVR ले उड़े चोर

सिंगरौली। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात अज्ञात चोरों ने दो ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। वारदात का खुलासा गुरुवार सुबह उस समय हुआ जब दुकानों के टूटे ताले और शटर देखे गए।
जानकारी के अनुसार, सीएम राइज विद्यालय के सामने स्थित दोनों ज्वेलरी दुकानों के शटर और ताले तोड़कर चोर अंदर घुसे। चोर दुकानों से करीब 5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात के साथ ही सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर डिवाइस भी चोरी कर ले गए, ताकि पहचान न हो सके।

सुबह आसपास के लोगों ने शटर टूटे देख तत्काल बरगवां थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुकानदारों से जानकारी जुटाई।
बरगवां थाना प्रभारी मोहम्मद समीर ने बताया कि घटना बुधवार देर रात की है। सूचना मिलते ही पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।

Author

Related Articles

Back to top button