अदाणी फाउंडेशन के सहयोग से धिरौली में तीन दिवसीय खेल महोत्सव, युवाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
फुटबॉल टूर्नामेंट में 9 टीमों के 150 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

सिंगरौली: ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अदाणी फाउंडेशन के सहयोग से सरई तहसील अंतर्गत धिरौली में तीन दिवसीय भव्य फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। सिंगरौली फुटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में 17 से 19 फरवरी तक चले इस खेल महोत्सव ने पूरे क्षेत्र को खेल उत्साह से सराबोर कर दिया।
मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में अदाणी समूह की विभिन्न परियोजनाओं से जुड़े गांवों के युवाओं ने इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में पीइकेबी परसा (छत्तीसगढ़) की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए धिरौली ब्लॉक की टीम को 2-0 से पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। मुकाबला अंतिम क्षणों तक रोमांच से भरा रहा और दर्शकों ने खिलाड़ियों का जमकर उत्साहवर्धन किया।
इससे पूर्व सेमीफाइनल मुकाबलों में धिरौली कोल ब्लॉक की टीम ने अदाणी पावर, नगवा को कड़े संघर्ष में 1-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया, वहीं पीइकेबी परसा (छत्तीसगढ़) ने लामा टोला, अनूपपुर की टीम को 1-0 से शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया।
मैचों के दौरान सैकड़ों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण खेल मैदान में मौजूद रहे और हर गोल पर तालियों और नारों से खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। टूर्नामेंट के सफल आयोजन में जिला फुटबॉल संघ सिंगरौली के सचिव लवकुश तिवारी, धिरौली के उप-सरपंच शिशुपाल सिंह, झलरी के सरपंच दिलीप कुमार शाह, बजौड़ी के उप-सरपंच राकेश वर्मा, धिरौली पंचायत के सह सचिव बुद्ध लाल कुशवाहा, आसपास के विद्यालयों के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अदाणी समूह की ओर से राधा रमण राय, बिनोद कुमार सिंह, मुनीश सूद, विक्रम शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही सभी खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन और शुभकामनाएँ दीं। धिरौली गांव में आयोजित इस टूर्नामेंट में पड़ोसी राज्यों और जिलों की कुल 9 टीमों के लगभग 150 खिलाड़ियों ने भाग लिया। ग्रुप ‘ए’ में धिरौली ब्लॉक, जीडीएक्स एंड सोडेक्सो, तीनगुड़ी और अदाणी पावर, नगवा की टीमें शामिल रहीं, जबकि ग्रुप ‘बी’ में सुलियरी, लामा टोला, जीतपुर और पीइकेबी परसा की टीमों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
अदाणी फाउंडेशन की ओर से विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी के साथ फुटबॉल जर्सी सेट एवं फुटबॉल किट प्रदान की गई। वहीं टूर्नामेंट में शामिल सभी खिलाड़ियों को जर्सी सेट और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया, जिससे खिलाड़ियों का मनोबल और उत्साह दोगुना हो गया।

अदाणी फाउंडेशन का मानना है कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं होते, बल्कि मानसिक विकास, आत्मविश्वास और अनुशासन के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। खेल युवाओं को तनाव से मुक्त रखते हैं और उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं की छिपी प्रतिभा सामने आती है और उन्हें आगे बढ़ने का मंच मिलता है।गौरतलब है कि अदाणी फाउंडेशन द्वारा स्थानीय युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए समय-समय पर खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता रहा है और भविष्य में भी इस तरह के आयोजन जारी रहेंगे।













