खोडवा मेला से लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत
परिजनों ने किया चक्काजाम, मुआवजे व कार्रवाई की मांग

सिंगरौली।बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कसर में शिवरात्रि के अवसर पर लगने वाले खोडवा मेला से लौट रहे एक युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने कसर–चितरंगी मार्ग पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बरवानी निवासी कमल साकेत (21 वर्ष), पिता छोटे साकेत, खोडवा मेला देखकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान कसर–चितरंगी मार्ग पर बिक्रू नदी के पास विपरीत दिशा से आ रहे धन से लदे एक भारी वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कमल साकेत की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए और सड़क पर जाम लगा दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने तेज रफ्तार और भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही को दुर्घटना का मुख्य कारण बताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की।
सूचना मिलने पर बरगवां थाना प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद वारसी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक कसर–चितरंगी मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा और परिजन मुआवजे तथा कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए थे।













