शासकीय आदर्श महाविद्यालय रम्पा में एनएसएस का सात दिवसीय विशेष शिविर प्रारंभ

सिंगरौली।शासकीय आदर्श महाविद्यालय रम्पा में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के अंतर्गत सात दिवसीय विशेष जागरूकता शिविर का शुभारंभ 21 फरवरी 2026 से गोद ग्राम पंचायत रम्पा में किया गया। यह शिविर विद्यार्थियों के सामुदायिक, व्यक्तित्व एवं चारित्रिक विकास के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत रम्पा के प्रतिनिधि लक्ष्मण प्रसाद यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. मंगल नाथ तिवारी ने की। आयोजन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गिरीश कुमार चतुर्वेदी एवं सह-संयोजक डॉ. राजीव सिंह बघेल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत पर्यावरण एवं स्वास्थ्य जागरूकता रैली से हुई। इसके बाद मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन कर मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्राओं ने एनएसएस लक्ष्य गीत प्रस्तुत किया तथा अतिथियों का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गिरीश कुमार चतुर्वेदी ने एनएसएस के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सात दिवसीय शिविर के माध्यम से स्वयंसेवक ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा कार्य, जागरूकता गतिविधियों और नेतृत्व विकास से जुड़ी पहल करेंगे।
अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. मंगल नाथ तिवारी ने कहा कि शिविर के दौरान डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा, डिजिटल भुगतान, सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं कौशल विकास जैसे विषयों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अशोक कुमार गुप्ता ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि एवं एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।













