मध्य प्रदेशसिंगरौली

बिजली के झटके से घायल लंगूर का सफल रेस्क्यू

वन विभाग व गौसेवा संस्थान के संयुक्त प्रयास से बची जान, हालत स्थिर

सिंगरौली। वार्ड क्रमांक 43 क्षेत्र में बिजली के खुले तार की चपेट में आकर घायल हुए लंगूर का वन विभाग, नगर निगम और गौसेवा संस्थान की संयुक्त टीम ने सफल रेस्क्यू कर उसकी जान बचाई। स्थानीय निवासियों के अनुसार लंगूर खुले बिजली तार के संपर्क में आने से जोरदार करंट लगने के कारण गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा था।
सूचना मिलते ही नगर निगम की टीम ने गौसेवा संस्थान सिंगरौली को अवगत कराया। इसके बाद संस्थान की टीम मौके पर पहुंची और वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित करते हुए लंगूर को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू कर उपचार के लिए ले जाया गया।

गौसेवा संस्थान में नवीनीकरण कार्य चलने के कारण घायल लंगूर को फिलहाल वन विभाग कार्यालय में रखा गया है। पशु चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के दौरान दर्द निवारक दवाएं और टिटनेस का इंजेक्शन दिया गया है। फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

रेस्क्यू अभियान में वन विभाग के महेंद्र तिवारी, नगर निगम के विशाल सोनी और गौसेवा संस्थान की टीम की अहम भूमिका रही। संस्थान ने नागरिकों से घायल पशु या वन्यजीव दिखने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है।

Author

Related Articles

Back to top button