भाजपा विधायक चंद्रू लमानी 5 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

बेंगलुरु। कर्नाटक में सियासी हलचल उस समय तेज हो गई जब कर्नाटक लोकायुक्त ने भाजपा विधायक चंद्रू लमानी को कथित तौर पर 5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। छापेमारी उनके एक हॉस्पिटल पर की गई, जहां से नकद राशि जब्त की गई है। मामले में जांच जारी है।लमानी गडग जिले के शिरहट्टी (एससी आरक्षित) विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं और 2023 के चुनाव में भाजपा टिकट पर पहली बार विधानसभा पहुंचे थे।
क्या है आरोप?
आरोप है कि विधायक ने क्लास-1 ठेकेदार विजय पुजार से माइनर इरिगेशन विभाग के कार्यों की मंजूरी और बिल पास कराने के एवज में कुल 11 लाख रुपये की मांग की थी।लोकायुक्त की ट्रैप कार्रवाई के दौरान 5 लाख रुपये की पहली किश्त लेते हुए उन्हें पकड़ा गया। इस दौरान उनके दो निजी सहायक—मंजूनाथ वाल्मीकि और गुरुनाइक—को भी गिरफ्तार किया गया है।मामला प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट के तहत दर्ज किया गया है।
पेशे से डॉक्टर, समाजसेवा की पहचान
चंद्रू लमानी पेशे से डॉक्टर हैं और उन्होंने एमडी (जनरल मेडिसिन) की डिग्री हासिल की है। वे पहले सरकारी अस्पताल में चिकित्सक रह चुके हैं। उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों को मुफ्त एसएसएलसी कोचिंग और ट्यूशन देने के लिए भी जाना जाता है।
राजनीतिक असर
इस कार्रवाई के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।लोकायुक्त अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।













