36 घंटे बाद तालाब से मिला बुजुर्ग का शव, मछली पकड़ने के दौरान डूबने से मौत

सिंगरौली। बरखा चौकी क्षेत्र में मछली पकड़ने गए 60 वर्षीय बुजुर्ग की तालाब में डूबने से मौत हो गई। करीब 36 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद रविवार को एनडीआरएफ और स्थानीय पुलिस ने तालाब से शव बरामद किया।
मृतक की पहचान रणदमन सिंह गोंड के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वे शुक्रवार को अपने तीन दोस्तों के साथ तालाब में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान अधिक पानी और गहराई के कारण उनका पैर फिसल गया और वे संतुलन खोकर गहरे पानी में डूब गए। घटना के बाद साथियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
बरखा चौकी प्रभारी ने बताया कि शुक्रवार शाम से ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया था। शनिवार को भी पूरे दिन तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। अंततः रविवार को एनडीआरएफ की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।













