थाने के सामने रेत से भरा ट्रिपर छुड़ाया, वन अमले से धक्का-मुक्की; दो नामजद समेत कई पर केस

सिंगरौली। चितरंगी थाना क्षेत्र में रेत माफिया के दुस्साहस का मामला सामने आया है। वन विभाग द्वारा प्रतिबंधित क्षेत्र से जब्त किया गया रेत से भरा ट्रिपर आरोपियों ने थाने के सामने ही छुड़ा लिया। पुलिस ने इस मामले में दो नामजद आरोपियों सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
चितरंगी थाना प्रभारी सुदेश तिवारी ने बताया कि देर रात सोन घड़ियाल अभयारण्य के अधिकारियों की शिकायत पर कार्रवाई की गई। शिकायत के अनुसार प्रतिबंधित क्षेत्र से अवैध रूप से रेत का परिवहन किया जा रहा था। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेत से भरा एक ट्रिपर जब्त कर लिया और उसे सुरक्षित खड़ा करने के लिए चितरंगी थाने लाया जा रहा था।
इसी दौरान थाने के सामने ही रेत माफिया से जुड़े लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि ट्रिपर वाहन मालिक सूर्यांश सिंह और चालक दीपक पटेल निवासी सुदा गांव, अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे और वन अमले से धक्का-मुक्की कर ट्रिपर छुड़ाकर फरार हो गए।
एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, थाने के सामने काफी देर तक विवाद की स्थिति बनी रही। ट्रिपर थाना गेट के सामने खड़ा था, तभी स्कॉर्पियो में सवार होकर कुछ लोग पहुंचे और हंगामा करते हुए वाहन लेकर भाग निकले। डायल-102 वाहन ने आरोपियों का पीछा भी किया, लेकिन वे मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। ट्रिपर वाहन की तलाश की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।













