कूनो नेशनल पार्क में 9 नए चीतों की ऐतिहासिक एंट्री

श्योपुर। मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले में स्थित कूनो नेशनल पार्क ने 28 फरवरी को एक और ऐतिहासिक पल देखा। अफ्रीकी देश बोत्सवाना से 9 नए चीते भारत पहुंचे हैं। यह ‘प्रोजेक्ट चीता’ के तहत लाया गया तीसरा बड़ा जत्था है।
विशेष भारतीय वायुसेना विमान से शुक्रवार रात करीब 9-10 बजे चीते ग्वालियर एयरफोर्स स्टेशन पहुंचे। वहां विशेषज्ञों की टीम ने उनकी प्राथमिक स्वास्थ्य जांच की। शनिवार सुबह 8:30 बजे दो हेलीकॉप्टरों के जरिए चीतों को कूनो के लिए रवाना किया गया, जबकि एक हेलीकॉप्टर एक्सपर्ट टीम के साथ गया। पार्क में सुरक्षित लैंडिंग के लिए 5 हेलीपैड तैयार किए गए थे। सुबह 9:30 बजे तक सभी चीतों को क्वारंटाइन बाड़ों में शिफ्ट कर दिया गया।6
मादा, 3 नर – बढ़ी संख्या
बोत्सवाना से लाए गए 9 चीतों में 6 मादा और 3 नर शामिल हैं। इनके आने से देश में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 48 हो गई है। कूनो में वर्तमान में 45 चीते मौजूद हैं, जिनमें से 28 का जन्म भारत में ही हुआ है। वहीं 3 चीतों को कूनो से गांधीसागर वन्य क्षेत्र में स्थानांतरित किया जा चुका है।
एक महीने रहेगा क्वारंटाइन
केंद्रीय वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने चीतों को क्वारंटाइन बाड़ों में रिलीज किया। सभी 9 चीतों को एक महीने तक क्वारंटाइन में रखा जाएगा, जहां उनकी विस्तृत स्वास्थ्य जांच और नए वातावरण के अनुरूप अनुकूलन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद उन्हें मुख्य बाड़े में छोड़ा जाएगा।
प्रोजेक्ट चीता को नई मजबूती
कूनो में पहले से मौजूद चीतों की सफल प्रजनन दर और शावकों के जन्म ने इस परियोजना को मजबूती दी है। यह कदम न केवल वन्यजीव संरक्षण की दिशा में बड़ा है, बल्कि भारत में विलुप्त हो चुके इस राजसी प्राणी की वापसी के संकल्प को भी मजबूत करता है।
‘प्रोजेक्ट चीता’ के तहत अफ्रीका से चीतों को लाकर भारत के उपयुक्त आवास में बसाने की योजना लगातार आगे बढ़ रही है, और कूनो इस ऐतिहासिक प्रयास का केंद्र बना हुआ है।













