कचनी मोड़ पर देर रात भीषण सड़क हादसा, बोलेरो-बाइक की टक्कर में दो युवक घायल

सिंगरौली- जिले के कोतवाली बैढ़न क्षेत्र अंतर्गत कचनी मोड़ पर शुक्रवार रात करीब 11 बजे एक तेज रफ्तार बोलेरो और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार दो युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए और तुरंत राहत कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घायलों की पहचान तेलाई मोड़ निवासी सनी साकेत (22) पिता सूरज साकेत और नीरज साकेत (24) पिता सुरेश साकेत के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बोलेरो की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ। टक्कर के बाद बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों ने बोलेरो चालक को घेर लिया था, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर वाहन जब्त कर थाने पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।इस घटना ने एक बार फिर शहर में बढ़ती तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।













