निगाही जीएम ऑफिस के बाहर हंगामा: युवक ने पेट्रोल लेकर दी आत्मदाह की चेतावनी, कंपनी पर उत्पीड़न का आरोप

सिंगरौली- जिले के निगाही क्षेत्र में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने एनसीएल की ठेका कंपनी क्लॉडेटेक पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए जीएम कार्यालय के मुख्य द्वार पर आत्मदाह की चेतावनी दे दी। युवक की पहचान विनोद साकेत के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि विनोद साकेत पिछले चार महीनों से जॉइनिंग लेटर को लेकर कंपनी के चक्कर काट रहा था। उसका आरोप है कि उसे लगातार आश्वासन देकर टालमटोल किया जा रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गया। शनिवार को उसने जीएम कार्यालय पहुंचने से पहले एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें कंपनी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए गए।
वीडियो वायरल होने के कुछ देर बाद वह निगाही जीएम ऑफिस के मुख्य गेट पर पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक के हाथ में पेट्रोल था और वह आत्मदाह की चेतावनी दे रहा था। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे समझाने की कोशिश की और स्थिति को बिगड़ने से रोकने का प्रयास किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की समझाइश के बाद युवक को शांत कराया गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी ठेका कंपनी के खिलाफ उत्पीड़न के आरोप सामने आ चुके हैं। कुछ समय पूर्व विजय पनिका नामक युवक ने भी कथित तौर पर टावर पर चढ़कर आत्महत्या की चेतावनी दी थी। हालांकि इस पूरे मामले में अब तक कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि युवक के आरोपों की जांच की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस घटना ने एक बार फिर ठेका कंपनियों की कार्यप्रणाली और युवाओं के रोजगार से जुड़े मुद्दों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।













