देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

ईरान-इजरायल तनाव के बीच एलपीजी सिलेंडर महंगा, घरेलू गैस 60 रुपये और कमर्शियल 115 रुपये बढ़ी

 

नई दिल्ली। मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की कीमतों में तेजी के बीच घरेलू बजट पर असर डालने वाली एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। तेल विपणन कंपनियों ने 7 मार्च 2026 से नई दरें लागू कर दी हैं।

नई दरों के अनुसार 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की वृद्धि की गई है। इसके बाद देश के प्रमुख महानगरों में गैस सिलेंडर की कीमत 900 रुपये के पार पहुंच गई है।

नई कीमतों के मुताबिक दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडर अब 913 रुपये का हो गया है। वहीं मुंबई में इसकी कीमत 912.50 रुपये, कोलकाता में 939 रुपये और चेन्नई में 928.50 रुपये प्रति सिलेंडर हो गई है। उत्तर प्रदेश के नोएडा में भी घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत दिल्ली के बराबर 913 रुपये तय की गई है।

बताया जा रहा है कि 14.2 किलोग्राम वाले गैर-सब्सिडी एलपीजी सिलेंडर की कीमत में पिछली बार बढ़ोतरी 8 अप्रैल 2025 को की गई थी। उस समय 50 रुपये का इजाफा किया गया था। मौजूदा बढ़ोतरी के बाद यह कीमत 30 अगस्त 2023 के बाद सबसे अधिक स्तर पर पहुंच गई है।

कमर्शियल सिलेंडर भी हुआ महंगा

घरेलू गैस के साथ ही 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भी 114.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 1883 रुपये, कोलकाता में 1990 रुपये, मुंबई में 1835 रुपये और चेन्नई में 2043.50 रुपये का हो गया है।

यह पिछले एक सप्ताह में दूसरी और इस वर्ष जनवरी के बाद चौथी बढ़ोतरी है। इससे पहले 1 मार्च को भी 19 किलोग्राम के कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 28 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। इस साल अब तक कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में कुल 302.50 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है।

Author

Related Articles

Back to top button