देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को टीएमसी का समर्थन, बजट सत्र में बढ़ेगा सियासी ताप

 

नई दिल्ली। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने भी इस प्रस्ताव का समर्थन करने का फैसला किया है। सूत्रों के अनुसार टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने अपने सांसदों को अविश्वास प्रस्ताव के समर्थन में वोट करने के निर्देश दिए हैं।

बताया जा रहा है कि इससे पहले टीएमसी सांसदों ने स्पीकर को हटाने के नोटिस पर हस्ताक्षर नहीं किए थे। उस समय पार्टी का कहना था कि सीधे अविश्वास प्रस्ताव लाने की बजाय पहले लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर तीन दिनों का समय दिया जाना चाहिए।

दरअसल बजट सत्र के पहले चरण के अंतिम सप्ताह में कांग्रेस की अगुवाई में विपक्षी दलों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पद से हटाने के लिए नोटिस दिया था। इस प्रस्ताव पर बजट सत्र के दूसरे चरण के पहले दिन चर्चा होने की संभावना है। विपक्षी एकजुटता को देखते हुए अब टीएमसी ने भी प्रस्ताव का समर्थन करने का निर्णय लिया है।

कांग्रेस ने बताया नियमों के अनुरूप प्रस्ताव

कांग्रेस ने कहा है कि लोकसभा अध्यक्ष को हटाने के लिए लाया गया प्रस्ताव नियमों और संसदीय परंपराओं के अनुरूप है और इस पर सदन में चर्चा होनी चाहिए।

बजट सत्र का दूसरा चरण 9 मार्च से शुरू होने जा रहा है। माना जा रहा है कि इस मुद्दे को लेकर संसद में तीखी बहस और हंगामा देखने को मिल सकता है। विपक्ष ने प्रस्ताव में लोकसभा अध्यक्ष पर सदन की कार्यवाही के दौरान पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया है।

Author

Related Articles

Back to top button