धार में अतिक्रमण हटाने पहुंचे दल पर पथराव, तहसीलदार की गाड़ी तोड़ी, टीआई और महिला आरक्षक घायल

धार. मध्य प्रदेश के धार जिले के सिरसोदिया गांव में शनिवार 7 मार्च की सुबह अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया. घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है. अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए हाईवे पर भी आवागमन प्रभावित हो गया. पथराव में धामनोद थाना प्रभारी घायल हुए हैं, जिन्हें एंबुलेंस से धामनोद में अस्पताल के लिए रेफर किया गया. वहीं एक महिला कांस्टेबल को भी धामनोद अस्पताल इलाज के लिए भेजा है.
जानकारी के अनुसार प्रशासनिक अमला अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए गांव पहुंचा था. इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई. विरोध कर रहे लोगों ने प्रशासनिक टीम पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया. पथराव में थाना प्रभारीप्रवीण ठाकरे सहित एक महिला पुलिसकर्मी को चोट आई है.पथराव के दौरान तहसीलदार की सरकारी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया गया और वाहन के कांच फोड़ दिए गए.
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया, हालांकि पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे हैं.घटना की सूचना मिलते ही आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है. वहीं मौके पर मनावर एसडीएम भी पहुंच गए हैं और पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं. प्रशासन का कहना है कि स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है. पथराव करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.













