सिंगरौली में एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू, 14–15 वर्ष की बालिकाओं को लगाया जा रहा नि:शुल्क टीका

सिंगरौली। बालिकाओं को गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन द्वारा एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई है। अभियान के तहत जिले में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को नि:शुल्क टीका लगाया जा रहा है। यह टीका सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए लगाया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने सिंगरौली विधानसभा क्षेत्र के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14–15 वर्ष आयु वर्ग की पात्र बालिकाओं को निकटतम जिला अस्पताल, सिविल अस्पताल या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाकर टीकाकरण अवश्य कराएं। टीकाकरण के लिए फोटोयुक्त पहचान पत्र तथा ओटीपी सत्यापन के लिए मोबाइल के साथ युवीन पोर्टल पर पंजीयन कराया जा सकता है।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. पंकज सिंह ने बताया कि यह टीकाकरण पूरी तरह नि:शुल्क है और इससे शरीर पर किसी प्रकार का दुष्प्रभाव नहीं पड़ता है। उन्होंने जिलेवासियों से अफवाहों पर ध्यान न देने और अपनी पात्र बालिकाओं को वैक्सीन अवश्य लगवाने की अपील की है।

वहीं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सरिता शाह ने भी कहा कि इस वैक्सीन से डरने या घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और सर्वाइकल कैंसर से बचाव में प्रभावी भूमिका निभाता है। उन्होंने बताया कि इस वैक्सीन को डॉक्टरों ने अपने घर-परिवार के सदस्यों को भी लगवाया है और इससे किसी प्रकार का दुष्प्रभाव सामने नहीं आया है।
राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत देश के प्रधानमंत्री के नेतृत्व में की गई है। जिला स्वास्थ्य समिति सिंगरौली द्वारा बेटियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए यह महत्वपूर्ण पहल की जा रही है, जिसका उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के साथ समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।













