मध्य प्रदेशसिंगरौली

जंगल में मोटरसाइकिल के नीचे मिला युवक का शव, हत्या की आशंका; पुलिस जांच में जुटी

 

सिंगरौली। जिले के सरई थाना क्षेत्र की निवास चौकी अंतर्गत रजनिया के जंगल में एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव मोटरसाइकिल के नीचे दबा हुआ मिला है, जिससे प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस ने हत्या की आशंका को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान अजय कुमार बैस निवासी खनतरा, थाना मझौली के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने रजनिया के जंगल में एक युवक को मोटरसाइकिल के नीचे दबा देखा। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सरई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

एक माह पहले हुई थी शादी
मामले में एसडीओपी गायत्री तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवक की शादी लगभग एक माह पहले हुई थी। वह मोटरसाइकिल से अपने ससुराल जा रहा था।
पुलिस को घटनास्थल के पास प्लास्टिक के दस्ताने भी मिले हैं, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि युवक की मृत्यु किस परिस्थिति में हुई और मोटरसाइकिल वहां कैसे पहुंची।

डाग स्‍क्‍वाड की मदद से जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर डाग स्‍क्‍वाड और अन्य अधिकारियों को बुलाया है। पूरे क्षेत्र में बारीकी से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।एसडीओपी गायत्री तिवारी ने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

Author

Related Articles

Back to top button