
सीधी। जिले के मड़वास थाना क्षेत्र में बरचर बांध में नहाने गए दिनेश बैगा की डूबने से मौत हो गई। दो दिन तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद युवक का शव बांध में मिला।
इस संबंध में मड़वास पुलिस से मिली जानकारी अनुसार ग्राम बाडिझिरिया निवासी दिनेश बैगा 27 वर्ष पिता प्रेमलाल बैगा 6 मार्च की दोपहर करीब 3 बजे बरचर बांध नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। बांध के किनारे युवक के कपड़े मिले, जिससे डूबने की आशंका हुई। मृतक के पिता प्रेमलाल बैगा ने बताया कि उन्होंने दिनेश को दोपहर में नहाने जाते देखा था, लेकिन वह वापस नहीं आया।
सूचना मिलने पर मड़वास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। टीम ने बांध में लगातार दो दिनों तक खोजबीन की। दूसरे दिन सुबह करीब 9 बजे दिनेश का शव बांध के पानी में बरामद हुआ। मड़वास थाना प्रभारी विवेक द्विवेदी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मड़वास अस्पताल भेजा गया है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।













