मध्य प्रदेशसिंगरौली

एनटीपीसी विंध्याचल के राखड़ बांध से दूषित पानी का रिसाव, रिहंद जलाशय प्रदूषण को लेकर बढ़ी चिंता

 

सिंगरौली। सिंगरौली जिले में स्थित एनटीपीसी विंध्याचल सुपर थर्मल पावर स्टेशन के राखड़ बांध से दूषित पानी के लगातार रिसाव का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बलियरी क्षेत्र स्थित राखड़ बांध से निकलने वाला प्रदूषित पानी सीधे रिहंद जलाशय में पहुंच रहा है, जिससे जल स्रोत के प्रदूषित होने की आशंका बढ़ गई है।

रिहंद जलाशय सिंगरौली और सोनभद्र जिलों के करीब 25 लाख से अधिक लोगों के लिए प्रमुख पेयजल स्रोत है। विशेषज्ञों के अनुसार फ्लाई ऐश से निकलने वाले पानी में आर्सेनिक, मरकरी और फ्लोराइड जैसे जहरीले तत्व मौजूद हो सकते हैं, जो जल और पर्यावरण के लिए खतरनाक हैं।इससे पहले दिसंबर 2025 में भी एनटीपीसी पर रिहंद डैम में जहरीला पानी छोड़े जाने का आरोप लगा था, जिसके बाद बड़ी संख्या में मछलियों की मौत की घटना सामने आई थी। वहीं 2019 में ऐश डाइक टूटने से बड़ी मात्रा में राख रिहंद जलाशय में पहुंच गई थी, जिस पर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने एनटीपीसी को 10 करोड़ रुपये का अंतरिम मुआवजा जमा करने का आदेश दिया था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रहे प्रदूषण से पेयजल, कृषि और जलीय जीवों पर गंभीर असर पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और एनजीटी से मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Author

Related Articles

Back to top button